- Written by IndiaTezNEWS24
जबलपुर | 26-फरवरी-2017 उच्च न्यायालय के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधिपति एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यकारी अध्यक्ष जस्टिस राजेन्द्र मेनन ने कहा है कि हमने प्रशासन और हितग्राहियों के बीच सेतु की भूमिका अंगीकार की है। राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा समस्त शासकीय योजनाओं का लाभ आम लोगों तक पहुंचाने के लिए सभी जरूरी प्रयास किए जाएंगे। श्री मेनन आज यहां ग्राम नानाखेड़ा में कंफेडरेसी ऑफ स्टेट वीमेन लॉयर्स के बैनर तले आयोजित विधिक साक्षरता कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उद्बोधन दे रहे थे। उन्होंने कहा कि न्याय सबके लिए है राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण का ध्येय वाक्य है। योजनाओं का लाभ आम जन तक पहुंचाना भी अपने आप में न्याय का एक स्वरूप ही है। प्रदेश में गरीबों, महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों के लिए 118 योजनाएं संचालित हैं किन्तु इनमें से ज्यादातर योजनाओं के बारे में लोगों की जानकारी अपेक्षित स्तर तक नहीं है। हमारी कोशिश है कि लोग उनकी बेहतरी के लिए संचालित योजनाओं के बारे में जानें और उनका लाभ उठाने आगे आएं। जस्टिस मेनन ने कहा कि प्राधिकरण के अधिकारी परिवार में विभिन्न समस्याओं का सामना करते बच्चों, महिलाओं या बुजुर्गों की मदद करना भी हमारा सरोकार है। घर में समस्या होने पर समझाईश के जरिए आपसी सुलह के प्रयास किए जाते हैं और इन प्रयासों के कारगर न होने पर कानूनी सहायता भी मुहैया कराई जाती है जिसका खर्च प्राधिकरण द्वारा उपलब्ध कराया जाता है। जस्टिस मेनन ने कहा कि महिला अधिवक्ता संघ की अध्यक्ष नीलम गोयल तथा अन्य संस्थाओं के लोग ग्रामों में पहुंचकर ग्रामीणों की समस्याओं की जानकारी लेते हैं और उनके निराकरण की पहल करते हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि यदि महिलाओं को अपनी समस्या का जिक्र करने में किसी प्रकार की हिचक हो तो वे महिला अधिकारियों को अपनी समस्या की जानकारी दे सकती हैं। जब भी हमें सूचना मिलेगी हम उनकी समस्या को सुलझाने के लिए फौरन कदम उठाएंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं महिला अधिवक्ता संघ अध्यक्ष नीलम गोयल ने कहा कि हमने महिलाओं में शिक्षा की जरूरत को महसूस किया और विवाहित महिलाओं को भी शिक्षा हासिल करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि परिवार में हमारे बुजुर्गों का एक अहम् स्थान होता है इसलिए उनकी अनदेखी किसी भी प्रकार से उचित नहीं कही जा सकती। उन्होंने कहा कि संस्था लड़कियों और महिलाओं की शिक्षा पर खास तौर पर जोर देती है क्योंकि जब वे शिक्षित होंगी तभी समाज और देश का विकास सुनिश्चित हो सकेगा। उन्होंने बताया कि संस्था द्वारा आदिवासियों को वन भूमि में पट्टे दिलाने और नि:शक्तजनों की मदद की दिशा में भी काम किया गया है। जनहित से जुड़े इन कार्यों में राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण से प्राप्त होने वाले सहयोग का जिक्र करते हुए उन्होंने जस्टिस मेनन की सह्मदयता और सहयोग को रेखांकित किया। उन्होंने कलेक्टर महेशचन्द्र चौधरी के सहयोग की भी प्रशंसा की। कलेक्टर महेशचन्द्र चौधरी ने कहा कि राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा पिछले दिनों गांव-गांव में शिविरों का आयोजन किया गया जो काफी सफल साबित हुआ। आम ग्रामीणों की समस्याओं के निराकरण के लिए जिला प्रशासन ने प्राधिकरण के साथ मिलकर पहल की। सरकार की विभिन्न योजनाओं का संकलन “आगे आएं लाभ उठाएं” पुस्तक में किया गया है जिसे ग्राम पंचायतों तक पहुंचाया गया है। उन्होंने ग्रामीणों का आव्हान किया कि वे योजनाओं का लाभ उठाने के लिए अधिकाधिक संख्या में आगे आएं। जनसाधारण मंगलवार को कलेक्ट्रेट में होने वाली जनसुनवाई अथवा पंचायत सम्मेलनों में भी अपनी समस्याएं रख सकते हैं। कलेक्टर ने बच्चों को स्कूल और आंगनबाड़ी भेजे जाने पर जोर दिया। कुपोषित बच्चों के लिए एनआरसी में उन्हें समुचित पोषण की व्यवस्था का भी उल्लेख किया। कलेक्टर श्री चौधरी ने सफल आयोजन की प्रशंसा करते हुए कहा कि मुख्य न्यायाधिपति की ग्राम में उपस्थिति नानाखेड़ा के लिए एक सुखद क्षण है। उन्होंने मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों के प्रति आभार भी ज्ञापित किया। कार्यक्रम में रजिस्ट्रार जनरल मनोहर ममतानी, जिला एवं सत्र न्यायाधीश के.के. त्रिपाठी, मुख्य न्यायिक दण्डाधिकारी विकासचन्द्र मिश्र, पुलिस अधीक्षक एम.एस. सिकरवार, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एस.बी. साहू, राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के उप सचिव आनंद तिवारी तथा सीईओ जिला पंचायत हर्षिका सिंह भी मौजूद थीं। इस मौके पर जनपद अध्यक्ष संजय पटेल भी उपस्थित थे। कार्यक्रम के आरंभ में आयोजक संस्था की अध्यक्ष नीलम गोयल ने मुख्य अतिथि को बुके भेंट कर उनका स्वागत किया। कलेक्टर और सीईओ तथा स्थानीय सरपंच नब्बो बाई ने भी मुख्य अतिथि का स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान हाई कोर्ट बार एसोसिएशन के पूर्व उपाध्यक्ष के.के. पाण्डे, एडवोकेट कमर जबीं खान, सीमा महोबे, गीता यादव, सरोज तिवारी तथा प्रीति यादव ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में एसडीएम नम:शिवाय अरजरिया, कार्यपालन यंत्री पीडब्ल्यूडी गोपाल गुप्ता, कार्यपालन यंत्री पीएचई शरद सिंह भी मौजूद थे। जनपद सीईओ मनोज सिंह व तहसीलदार पंकज मिश्रा भी कार्यक्रम में उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन एडवोकेट राजेन्द्र प्रताप सिंह ने किया तथा हाई कोर्ट बार एसोसिएशन की कोषाध्यक्ष अनीता कैथवास ने आभार व्यक्त किया। |
![]() |
















Written by IndiaTezNEWS24
District: Hoshangabad
State: Madhya Pradesh