भोपाल नगर उदय अभियान के तहत आज समूचे प्रदेश में आयोजित यह कार्यक्रम दुनिया का पहला ऐसा कार्यक्रम है जिसमें एक साथ एक दिन में एक समय पर 12 लाख 68 हजार 480 हितग्राहियों को लाभान्वित किया जा रहा है। यह बात मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने आज जबलपुर के गैरीसन मैदान में नगर उदय अभियान के राज्य स्तरीय कार्यक्रम में कही। मुख्यमंत्री ने कहा कि सम्पूर्ण प्रदेश का विकास ही राज्य सरकार का संकल्प है। इसे साकार करने के लिए आने वाले पाँच सालों में सरकार शहरी विकास के लिए 86 हजार करोड़ रूपए खर्च करेगी। उन्होंने विकास के लिए जनता को सबसे महत्वपूर्ण कड़ी बताया। श्री चौहान ने कहा कि जनता न भटके, प्रशासन जनता के द्वार जाए और वार्डों में बैठकर ही उनके विकास का खाका तैयार हो, इसलिए यह अभियान चलाया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारा उद्देश्य मध्यप्रदेश को समृद्ध, विकसित, वैभवशाली और गौरवशाली बनाकर सम्पूर्ण विश्व पटल पर स्थापित करना है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश मेरा मंदिर है। जनता उसकी भगवान है और जनता का पुजारी शिवराज सिंह चौहान है। इसके पहले मुख्यमंत्री श्री चौहान ने 70 करोड़ से अधिक की लागत के विकास कार्यों का भूमि-पूजन एवं लोकार्पण भी किया। राज्य स्तरीय कार्यक्रम में 85 हजार 303 हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया जिनमें जबलपुर नगरीय क्षेत्र के 67 हजार 86 हितग्राही शामिल थे।

 
 
    IndiaTezNEWS24
    District: Hoshangabad
    State: Madhya Pradesh

Leave a comment