होशंगाबाद :  नर्मदापुरम् संभाग कमिश्नर उमाकांत उमराव के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में जिले में नर्मदा नदी के रिपेरियन जोन में बीज रोपण एवं पौधरोपण का कार्यक्रम किया जा रहा है। गत वर्ष पौधरोपण एवं बीजरोपण के कार्य प्राथमिकता से किए गए थे। इस वर्ष भी बीज रोपण का कार्य नर्मदा के सभी 68 तटवर्तीय क्षेत्र में किया गया था। आगामी 15 जुलाई से नर्मदा के रिपेरियन जोन में वृहद स्तर पर पौधरोपण का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

                 नर्मदा नदी के रिपेरियन जोन के रहवासी 4 किसान पौध रोपण के इस मंगल कार्य के लिए अपनी पट्टे की आवंटित जमीन छोड़ने सहर्ष तैयार हो गए हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार बाबई के ग्राम धानसी के मंगल आदिवासी, बलबदर जाट, लोकेन्द्र जाट एवं घनश्याम जाट ने स्वेच्छा से आगे आकर कहा कि उनकी पट्टे की जमीन रिपेरियन जोन में आती है वे डेढ एकड़ का सीमांकन कर डेढ एकड अपने पास रख कर शेष पट्टे की जमीन रिपेरियन जोन में पौध रोपण हेतु देने तैयार हैं। कमिश्नर उमराव ने उक्त 4 किसानों की इस पहल का स्वागत किया और कहा कि उनके द्वारा स्वेच्छा से छोडी हुई रिपेरियन जोन की भूमि पर पौधरोपण का कार्य किया जाएगा।

               किसान मंगल आदिवासी घनश्याम जाट, बलबदर जाट एवं लोकेन्द्र जाट का कहना था कि कमिश्नर श्री उमराव द्वारा रिपेरियन जोन में बीज रोपण एवं पौधरोपण के कार्य प्राथमिकता से कराए जा रहे हैं। कमिश्नर की माँ नर्मदा के प्रति श्रद्धा देखकर उनके मन मे भी माँ नर्मदा के लिए कुछ करने की इच्छा जागी और सभी ने तय किया कि अपनी पट्टे की जमीन पौधरोपण हेतु दे दी जाए। धानसी की ग्राम पंचायत गुडला के सचिव श्री ओम प्रकाश भदौरिया ने बताया कि ग्राम धानसी में रिपेरियन जोन के 20 एकड़ क्षेत्र में तार फेंसिंग का कार्य किया गया है। भाऊ साहब भुसकुटे न्यास बनखेडी द्वारा तार फेंसिंग के लिए एक लाख 90 हजार रूपए की राशि दी गई थी। इस राशि से तार फेंसिंग का कार्य कराया गया है। जन भागीदारी से भी धानसी की सड़क के किनारे तार फेंसिंग का कार्य कराया गया है। सचिव श्री भदौरिया ने बताया कि धानसी की जनसंख्या 400 है और गांव में माँ नर्मदा के प्रति असीम आस्था रखी जाती है। रिपेरियन जोन में पौध रोपण एवं बीज रोपण हेतु ग्रामीण जन उत्साह पूर्वक शामिल होते हैं।

घायल होने पर भी सचिव एवं एडवोकेट श्री सोलंकी रिपेरियन जोन में कार्य कर रहे हैं:-

          धानसी की ग्राम पंचायत गुडला के सचिव ओमप्रकाश भदौरिया गत दिवस सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उनके ऊपर पोकलेन मशीन आ कर गिर गई थी जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे उनके हाथ और पैर में चोट आई थी। सचिव भदौरिया इसके बावजूद प्रतिदिन रिपेरियन जोन में जाकर पौधों की देखभाल करते हैं। एडवोकेट दिलीप सिंह सोलंकी भी सप्ताह में हर शनिवार एवं रविवार को धानसी में जाकर पौधों की देखभाल करते हैं। उनके इस कार्य की सराहना करते हुए कमिश्नर उमराव ने कहा कि यदि सचिव श्री भदौरिया एवं एडवोकेट सोलंकी जैसे समर्पित व्यक्ति आगे आकर कार्य करेंगे तो वह दिन दूर नहीं जब माँ नर्मदा को उसके पुराने स्वरूप में लाया जा सकेगा।

 
 
    IndiaTezNEWS24
    District: Hoshangabad
    State: Madhya Pradesh

Leave a comment