राजगढ़ - कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा की अध्यक्षता में रविवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में निराश्रित गोवंश को गौशालाओं में शिफ्टिंग एवं गोवंश की जिओ-टैगिंग के संबंध में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री अमित तोलानी सहित जिले के समस्त अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत, नगरीय निकायों के मुख्य नगरपालिका अधिकारी तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने निर्देश दिए कि जिले की सभी शासकीय गौशालाएं अपनी निर्धारित क्षमता के अनुरूप शत-प्रतिशत संचालित हों तथा कोई भी निराश्रित गोवंश राष्ट्रीय राजमार्ग, राज्य मार्ग अथवा अन्य सड़कों पर बैठा हुआ दिखाई नहीं देना चाहिए। उन्होंने कहा कि सभी एसडीएम एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत इस कार्य की नियमित मॉनिटरिंग करें और गोवंश को सुरक्षित रूप से गौशालाओं में शिफ्ट कराने की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करें। कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने निर्देशित किया कि जिन ग्राम पंचायतों द्वारा शत-प्रतिशत निराश्रित गोवंश को गौशालाओं में रखने की व्यवस्था नहीं की जाएगी, उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करते हुए अनुदान में कटौती का प्रस्ताव तैयार किया जाए। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को गोवंश की शत-प्रतिशत जिओ-टैगिंग निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि निराश्रित गोवंश के कारण होने वाली सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए प्रत्येक विकासखंड एवं नगरीय क्षेत्र में विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाए। बाढ़ आपदा नियंत्रण कक्ष के माध्यम से प्रतिदिन संबंधित ग्राम पंचायतों से संपर्क कर गौशालाओं में रखे गए गोवंश के फोटोग्राफ प्राप्त किए जाएं तथा इसकी नियमित समीक्षा की जाए। बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री अमित तोलानी ने निर्देश दिए कि रात्रिकालीन पुलिस पेट्रोलिंग के दौरान यदि किसी भी सड़क अथवा हाईवे पर निराश्रित गोवंश दिखाई देता है तो उसका तत्काल फोटो लेकर संबंधित अधिकारियों के समूह में साझा किया जाए तथा संबंधित ग्राम पंचायत को तत्काल सूचना देकर गोवंश को सुरक्षित गौशाला तक पहुंचाने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि राष्ट्रीय राजमार्गों एवं प्रमुख मार्गों पर निराश्रित गोवंश की समस्या के स्थायी समाधान के लिए राजस्व विभाग, जनपद पंचायतों तथा नगरीय निकायों के अधिकारी समन्वित कार्ययोजना तैयार कर अभियान चलाते हुए गोवंश की शीघ्र शिफ्टिंग सुनिश्चित करेंगे। कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने कहा कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा इसकी नियमित समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।।

 
 
    IndiaTezNEWS24
    District: Hoshangabad
    State: Madhya Pradesh

Leave a comment